कानपुर। हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में बढ़ रही छात्राओं की संख्या के चलते अब परिसर में 100 सीटेड नया छात्रावास बनाया जाएगा। बीटेक एमटेक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़ने से आवासीय सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा था जिसके कारण छात्रावास बनाने का प्रस्ताव दिया गया था।
नौ करोड़ की लागत से बनने वाले इस छात्रावास की पहली किस्त सरकार ने जारी कर दी है। नया भवन तैयार होने के बाद विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए उपलब्ध आवासीय क्षमता करीब 1100 तक पहुंच जाएगी। एचबीटीयू में अभी छात्राओं के लिए सात छात्रावास हैं जिनकी क्षमता लगभग 1000 है और 856 छात्राएं रह रही हैं। ब्यूरो