कानपुर। 10वीं और 12वीं के बाद क्या करें, प्रोफेशनल कोर्स करें या कुछ और, शहर के बाहर बड़े संस्थानों में कैसी पढ़ाई होती होगी, कौन सा विषय और कालेज अच्छा रहेगा...। करियर संबंधी ऐसे ही सवालों के जवाब तलाशने के लिए ‘अमर उजाला’ के करियर और एजूकेशन फेयर ‘लक्ष्य’ में दूसरे दिन भी युवाओं की जबरदस्त भीड़ रही। फेयर के दूसरे और अंतिम दिन न सिर्फ छात्र-छात्राएं बल्कि अभिभावक भी सुबह 9 बजे से देर शाम करियर गाइडेंस लेते रहे। भाग्यराज पैलेस अनाइचा होटल शास्त्री नगर में फेयर के दूसरे दिन का शुभारंभ टीकेडब्लूएस के निदेशक चंदन अग्रवाल ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया। समापन समारोह के दौरान युवाओं ने फेयर में शामिल शिक्षण संस्थानों और ‘अमर उजाला’ को धन्यवाद दिया।
दो दिवसीय इस फेयर में शहर के 1900 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लेकर करियर और लक्ष्य निर्धारण का गुरु मंत्र हासिल किया। युवाओं ने करियर गाइडेंस और काउंसिलिंग में ढेरों प्रश्न किए और समाधान हासिल किया। इस दौरान एजूकेशन लोन के लिए पंजाब नेशनल बैंक के काउंटर सहित महाराणा प्रताप ग्रुप आफ एजूकेशन, इंडस इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी, टीकेडब्लूएस इंस्टीट्यूट, अपोलो इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग, गलगोटिया यूनीवर्सिटी, जीएलए यूनीवर्सिटी मथुरा, लवली प्रोफेशनल यूनीवर्सिटी, इनवरटीज यूनीवर्सिटी, एक्यूरेट ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट, बीएफआईटी, जीएनआईटी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, देश भगत ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट और एचआर ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के काउंटरों पर दिन भर भीड़ जुटी रही।