कानपुर। साउथ सिटी में बाइकर्स गैंग का आतंक दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को बर्रा में बाइक पर सवार लुटेरों ने बैंक से निकल रही एक महिला के हाथों से नोटों से भरा पर्स लूट लिया। महिला ने बताया कि पर्स में 48 हजार रुपये और मोबाइल फोन था। इस वारदात के ठीक चार घंटे बाद पराग डेरी रोड पर पुलिस चौकी के निकट जेठ के साथ बाइक पर जा रही महिला डाक्टर से चेन लूटने की कोशिश की गई। इस चक्कर में महिला अपने तीन साल के बच्चे के साथ बाइक से गिर कर घायल हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया हालात गंभीर है। कंट्रोल नहीं होने पर लखनऊ रेफर कर सकते हैं।
घटना-1
गोविंदनगर स्थित चरनसिंह कालोनी में रहने वाली पुष्पा दोपहर करीब 12 बजे बर्रा दो स्थित इलाहाबाद बैंक से 45 हजार रुपये लेकर निकलीं। पुष्पा ने बताया कि वह सहेली के साथ घर जा रही थीं। तभी काले रंग की बाइक पर सवार दो लड़के आए और झपट्टा मारकर पर्स छीनकर फरार हो गए। बकौल पुष्पा बाइक चलाने वाला युवक हेल्मेट पहने था। उन्होंने बताया बैग में पहले से भी तीन हजार रुपये और मोबाइल फोन रखा था। पुष्पा ने बताया कि उनकी बेटी श्रुति की अगले माह शादी है। उसी की तैयारी के लिए पैसे निकाले थे।
घटना-2
गुजैनी स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत बर्रा दो निवासी अनुपम सचान की पत्नी डाक्टर मीनाक्षी सचान शाम करीब 4 बजे को अपने जेठ केके सचान के साथ बाइक से डीएम की बैठक में शामिल होने जा रही थीं। मीनाक्षी की गोद में उनका तीन साल का बेटा अपूर्व भी था। पराग डेरी के सामने पीछे से आए काले रंग की बाइक सवार लुटेरों ने चेन तोड़ने के लिए मीनाक्षी के गले पर झपट्टा मारा। धक्का लगने से मीनाक्षी बच्चे समेत बाइक से गिर पड़ी। केके सचान ने गाड़ी रोक दी लेकिन लुटेरे फरार हो गए। घायल मीनाक्षी को पीपीएम अस्पताल ले जाया गया।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
पीपीएम अस्पताल में भर्ती महिला डाक्टर से वारदात की जानकारी लेने पुलिस का एक भी सिपाही डेढ़ घंटे तक नहीं पहुंचा। पुलिस गोविंदनगर और किदवईनगर के सीमा विवाद में पड़ी रही। जबकि घटनास्थल के पास पराग डेरी चौकी और उससे कुछ दूरी पर पुलिस का पिकेट प्वाइंट भी है। काफी देर बाद सीओ गोविंदनगर के निर्देश पर थाने के सिपाही पहुंचे और डाक्टर के बयान लिए।
नए सिपाहियों की टीम लगाकर बाइकर्स गैंग के बदमाशों को पकड़ने का अभियान जल्द शुरू किया जाएगा।
अजय साहनी, सीओ गोविंदनगर
हाल में हुईं लूट की घटनाएं
- अप्रैल माह में गोविंदनगर थाने के पास महिला को घायल कर चेन लूटने का प्रयास।
- अप्रैल में किदवईनगर में साकेत नगर रोड पर स्कूटी सवार महिला को गिराकर चेन लूटी।
- अप्रैल में साकेतनगर में सिंडीकेट दफ्तर के पास महिला का पर्स लूटा।
- मार्च में साइट नंबर वन चौराहे पर पुलिस पिकेट प्वाइंट के सामने महिला की चेन लुटी।
- जनवरी में बेटी के साथ बैंक से निकल रही महिला से नोटों का पर्स लूटा।
- नवाबगंज में महिला से चेन लूट के प्रयास में गोली मारकर हत्या।
- गोविंदनगर में सीओ की पत्नी को बाइक से गिराया, मौत।