कानपुर। स्थान - मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी) लाइन का दफ्तर। समय- शाम 16:25 बजे। टीसी स्वतंत्र कनौजिया रोते हुए अफसरों से कह रहा है कि हुजूर 15 मिनट में सौ घूंसे पड़े। बाद में कितने और मारे गए इसका होश नहीं रहा। आंखों से खून टपकने लगा। वर्दी फट गई। जब तक माकूल सुरक्षा मुहैया नहीं कराएंगे तब तक ड्यूटी करने को ट्रेन पर नहीं जाऊंगा।
ये दास्तान है उस चल टिकट निरीक्षक की जो तीन दिन पहले महाबोधि एक्सप्रेस पर सवार होकर दिल्ली जा रहा था। बस उसका कुसूर इतना था कि उसने कानपुर सेंट्रल से बगैर टिकट चढ़े पांच-छह युवकों से टिकट मांग लिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में रास्ते भर कहा-सुनी हुई तो युवकों ने अलीगढ़ फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। ट्रेन जैसे ही अलीगढ़ स्टेशन पर रुकी तो युवकों के इशारे पर पहले से खड़े युवकों ने स्वतंत्र कनौजिया को खींच प्लेटफार्म पर गिरा दिया और भीड़ ने घूंसों और बेल्टों से कुटाई करने में जुट गए। 20 मिनट तक पिटाई होती रही पर युवकों को रोकने के लिए न तो एस्कार्ट उतरी और न ही वहां के सिपाही पहुंचे। बुधवार को कानपुर वापस आए स्वतंत्र कनौजिया ने टीसी दफ्तर के अफसरों से कहा कि हुजूर 100 घूंसे तो गिन पाए थे और इसके बाद पता ही न चला। बाद में साथियों ने ट्रेन में लिटा दिया था। एक घंटे बाद होश आया था। उसने सुरक्षा की मांग की है।
--------------------------
अराजकता से ट्रेन ही बदल दी है स्वर्ण शताब्दी के टीटीई ने
कानपुर। अलीगढ़ के छात्रों की अराजकता की ये पहली घटना नहीं है। तीन महीने पहले स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में नियमित चलने वाले टीटीई केसी जोशी का विवाद हुआ था। तब भी वहां पर छात्र एकत्र होकर मारपीट की थी। हिदायत भी दी थी कि भविष्य में इस ट्रेन में न दिखना। इसके चलते उन्होंने शाम के बजाय सुबह वाली शताब्दी में ड्यूटी करना शुरू कर दिया है।