कानपुर। लघु शस्त्र निर्माणी (एसएएफ) और फील्ड गन का शनिवार को संयुक्त सचिव, रक्षा विभाग कृष्णा रॉव ने दौरा कर 7.62 एमएम मैकगन की खूबियां जानीं। सबसे पहले उन्होंने निर्माणी में एमपीएच विभाग और फायरिंग रेंज का दौरा किया। निर्माणी के एमपीएच विभाग में बनने वाले पार्ट्स की जानकारी भी ली। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें निर्माणी में बन रहे रिवाल्वर और अन्य हथियारों के बारे में अवगत कराया।
इसके बाद संयुक्त सचिव, रक्षा ने 7.62 एमएम मैकगन को देखा और अधिकारियों से इसकी खूबियां जानीं। उन्होंने सीएनसी मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी की। इसके साथ ही असेंबल यूनिट और मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट का दौरा किया। विभागों के निरीक्षण के बाद एसएएफ के महाप्रबंधक पीसी बरनवाल की आकस्मिक छुट्टी के चलते संयुक्त सचिव, रक्षा ने एजीएम अनिल कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्माणी द्वारा भविष्य में बनाए जाने वाले हथियारों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने एसएएफ में बनने वाले उत्पादों और कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निर्माणी का वर्किंग कल्चर बढ़िया है। एसएएफ में लंच के बाद संयुक्त सचिव, रक्षा ने फील्डगन फैक्ट्री का भी दौरा किया। फैक्ट्री में बोफोर्स तोप के साथ भविष्य में होने वाले बेहतरी के लिए नए संशोधनों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने निर्भीक रिवाल्वर के बारे में जानकारी की।