कानपुर। सबइंस्पेक्टर की मुख्य लिखित परीक्षा 14 सितंबर को शहर के चार सेंटरों में कड़ी सुरक्षा में होगी। परीक्षा में 2050 अभ्यार्थी शामिल होंगे। पेपर लीक होने और इससे जुड़ी ठगी को रोकने के लिए क्राइम ब्रांच और इंटेलीजेंस की टीम को रेलवे और बस स्टैंड पर लगाया गया है।
परीक्षा के नोडल अफसर एसपी ट्रैफिक मनीराम यादव ने बताया कि परीक्षा के लिए सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गोविंद नगर, जुहारी देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज मॉल रोड, एसएन सेन बालिका इंटर कॉलेज मॉल रोड और सेंट जेवियर्स फ्रांसिस स्कूल अशोक नगर को सेंटर बनाया गया है। सेंट जेवियर्स स्कूल में 700 अभ्यार्थी परीक्षा देंगे। वहीं, अन्य तीन सेंटरों पर 450-450 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा दो पॉलियों में सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। बकौल एसपी केंद्र में पर्वेक्षक के अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी और स्थानीय थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। एडीएम एलए और एडीएम एफआर की अगुवाई में दो फ्लाइंग स्क्वाएड भी लगाए गए हैं। इन अफसरों के साथ एसपी पूर्वी और पश्चिम भी रहेंगे। नकल रोकने को प्रत्येक सेंटर पर दो-दो सीसीटीवी कैमरे, हैंडमेड मेटल डिटेक्टर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के साथ एलआईयू टीम तैनात रहेगी। एसपी के मुताबिक अगर कोई अभ्यर्थी सेंटर पर मोबाइल अथवा कोई अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण लेकर आया है, उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसी की होगी। परीक्षा कक्ष में किसी अभ्यार्थी के पास इलेक्ट्रानिक उपकरण बरामद हुआ तो उसे परीक्षा के डिबार कर किया जाएगा। इधर, आईजी आशुतोष पांडेय ने सबइंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा को लेकर डीआईजी आरके चतुर्वेदी, एसएसपी के. सुनील इमैनुएल और नोडल अफसर एसपी ट्रैफिक के साथ बैठकर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। आईजी ने बताया कि पूरे कानपुर जोन में केवल कानपुर में सबइंस्पेक्टर की परीक्षा हो रही है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।