कानपुर। गुरुवार को यूनीसेफ की तीन सदस्यीय टीम ने हैलट स्थित बाल रोग अस्पताल में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र और पर इंडिया जच्चा-बच्चा अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम में यूनीसेफ के प्रतिनिधि डॉ. प्रवीण, बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के कोआर्डिनेटर बृजमोहन और एक अन्य सदस्य शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान यहां भर्ती होने वाले कुपोषित बच्चों से संबंधित दस्तावेज भी कब्जे में लिए। बाल रोग चिकित्सालय के डॉ. जीएन द्विवेदी ने बताया कि टीम सामान्य निरीक्षण करने आई थी।
मालूम हो कि यूनीसेफ की मदद से जीएसवीएम मेडिकल कालेज से संबद्ध बाल रोग चिकित्सालय में पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) संचालित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान टीम ने जायजा लिया कि यहां कितने बेड हैं और कितने बच्चे भर्ती हैं। इन कुपोषित बच्चों को किस तरह की डाइट दी जाती है। इलाज और डाइट के सहारे कैसे इन बच्चों को कुपोषण मुक्त किया जाता है। इसके बाद टीम ने अपर इंडिया जच्चा - बच्चा अस्पताल गई। वहां डॉक्टरों से स्तनपान के प्रति जागरूकता अभियान की जानकारी ली।