कानपुर। लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि कन्या विद्याधन, बेरोजगारी भत्ता, लैपटॉप, टैबलेट, साड़ी वितरण सहित तमाम योजनाएं बंद नहीं की गई हैं बल्कि इस बार सरकार की प्राथमिकताएं बदल गई हैं। जैसे ही प्राथमिकताएं पूरी होंगी, वैसे ही फिर इन योजनाओं के लाभ दिया जाएगा। योजनाएं बंद करने की अफवाह विपक्ष फैला रहा है।
पूर्व विधायक राम कुमार के वाजिदपुर जाजमऊ स्थित आवास पर आयोजित विवाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए शिवपाल ने कहा कि केंद्र सरकार से सहयोग मिला तो शहरी, ग्रामीण क्षेत्रोें में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जाएगी। गंगा बैराज से लखनऊ-उन्नाव मार्ग को जोड़ने वाली सड़क की गुणवत्ता जांचने के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर चौधरी सुखराम सिंह यादव, विधायक सतीश निगम, विधायक मुनींद्र शुक्ला, महेश शुक्ला, नीरज श्रीवास्तव बल्लू मौजूद रहे।