कानपुर। धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या करने के बाद युवती का शव शिवराजपुर के दरिया निवादा गांव जीटी रोड पर फेंका गया था। इसका खुलासा रविवार को पोस्टमार्टम में हुआ। उसके शरीर पर धारदार हथियार के12 से ज्यादा घाव मिले हैं। गला रेतने पर अत्याधिक खून बहने से युवती की मौत होना पाना गया है। रेप की आशंका के चलते स्लाइड बनाई गई है लेकिन डॉक्टरों की माने तो शव खराब होने की वजह से स्लाइड रिपोर्ट में कुछ भी आने की संभावना कम ही है। इधर, तीन दिन बाद भी युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम हाउस में कानपुर देहात और कन्नौज के लोग आए लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पहचान न होने से पुलिस ने शव का लावारिस में अंतिम संस्कार करा दिया।
दरियानिवादा गांव में जीटी रोड पर नर्सरी के पास शुक्रवार को एक युवती का शव मिला था। युवती के पैर जामुन केपेड़ से बंधे थे। गले में कटे का निशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था। नियमानुसार 72 घंटे तक युवती की पहचान कराने के मकसद से शव रखा रहा। समयावधि खत्म होने पर रविवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। शिवराजपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र भदौरिया ने बताया कि कन्नौज और कानपुर देहात से दो लोग शव की पहचान करने आए थे पर उनके परिवार की युवती नहीं थी। युवती का फोटो और हुलिया कानपुर नगर, देहात, कन्नौज समेत आसपास के जिलों की पुलिस को भेजा गया है। शव की पहचान के बाद ही हत्या और हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।