कानपुर। जेके मंदिर नहर के पास एक पान की दुकान पर सोमवार देर रात विवाद के दौरान लग्जरी कार सवार युवकों ने कारोबारी पवन कुमार सदाना को गोली मार दी और भाग गए। रिजेंसी अस्पताल में में भर्ती पवन की हालत नाजुक बताई गई है। नजीराबाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की खोज शुरू कर दी है।
पवन उर्फ सोनू (30) कोल्ड्र ड्रिंक सप्लायर हैं। उनका परिवार शास्त्री नगर में रहता है पर वह अपनी पत्नी सुनैना के साथ लाजपत नगर में किराए के मकान में रहते हैं। सीओ नजीराबाद बलरामाचारी दुबे ने बताया कि रात में पवन जेकेमंदिर नहरिया के पास मनोज पान शॉप पर पान खाने गए थे। इसी दौरान दुकान पर लग्जरी कार से तीन युवक नशे में पहुंचे। उनका पान दुकानदार से किसी बात पर विवाद हो गया तो पवन बीच-बचाव करने लगे। इस पर एक युवक ने कमर में खुंसी पिस्टल निकालकर फायर झोंक दिया। गोली पवन के पेट के नीचे लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गए। भीड़ दौड़ी तो पिस्टलधारी युवक ने हवा में तीन गोलियां चलाईं और फिर सभी कार में बैठकर भाग निकले। घटना से आसपास की दुकानें बंद हो गईं। बाद में नजीराबाद पुलिस पहुंची और पवन को केएमसी ले गई। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख पवन को हैलट रेफर किया पर परिवार वाले उन्हें रिजेंसी ले गए। देर रात एसपी पश्चिम भारत सिंह ने हॉस्पिटल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि कार सवारों का क्लू मिल गया है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।