कानपुर। कोल्डड्रिंक, कॉफी, शराब, धूम्रपान करने वालों की हड्डियां कमजोर और खोखली हो रही हैं। ऐसे लोगों की संख्या प्रतिवर्ष बढ़ रही है। विश्व ऑस्टियोपोरोसिस फाउंडेशन के वर्ष 2012 में कराए गए सर्वे के मुताबिक प्रतिदिन दो से तीन कोल्डड्रिंक पीने वाले व्यक्ति में फ्रैक्चर का खतरा 47 प्रतिशत बढ़ जाता है। इसी तरह से कॉफी से 60 प्रतिशत, स्मोकिंग से 71 प्रतिशत फ्रैक्चर का खतरा बढ़ता है। जबकि चार साल तक प्रतिदिन दो से चार पैक शराब पीने वालों में इसका खतरा 100 फीसदी होता है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एके अग्रवाल कहते है कि हड्डियों की मजबूती के लिए लोगों को पौष्टिक भोजन करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि आज 62 प्रतिशत लोग हड्डियों की इस बीमारी से पीड़ित है। इनमें से तमाम लोगों को तो तब पता चलता है जब उनकी हड्डी जुड़ते ही दोबारा टूट जाती है। ऑस्टियोपोरोसिसस पीड़ित लोगों की हड्डियां जुड़ने में ज्यादा समय लगता है। बार - बार हड्डियां टूट सकती हैं। बीएमडी मशीन (बोन मिनरल डेंसिटी मशीन) या कुछ अन्य जांचें कराने से ऑस्टियोपोरोसिस का पता चलता है। आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. एके अग्रवाल के अनुसार सामान्य डाइट से रोजाना 400 मिलीग्राम से 500 मिलीग्राम कैल्शियम ही शरीर में पहुंच पाता है, जबकि एक वयस्क व्यक्ति को रोजाना 1000 - 1200 मिलीग्राम कैल्शियम लेना चाहिए। इस कमी को पूरा करने के लिए दूध, गाजर समेत ज्यादा विटामिन वाली सब्जियां, फल, ड्राईफ्रूड्स, नॉनवेज या कैल्शियम एवं विटामिन डी-थ्री की टेबलेट्स नियमित रूप से लेनी चाहिए।