कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) चुनाव में डॉ. आरती लाल चंदानी भारी बहुमत से अध्यक्ष पद पर विजयी हुईं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. यूसी सिन्हा को 151 वोटों से हराया। सचिव पद पर डॉ. रवि कुमार ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. श्याम मोहन शुक्ला को कांटे की टक्कर में 25 वोट से पटकनी दी। नतीजे घोषित होते ही विजेताओं को फूल मालाओं से लाद दिया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने डॉक्टरों के हितों के लिए काम करने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
101 साल पुरानी डॉक्टरों की संस्था आईएमए चुनाव के लिए एसोसिएशन हाल, परेड में सुबह 9:00 बजे मतदान शुरू हुआ। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए मतदान स्थल में बाहर से लेकर मतपेटिका तक आठ सीसीटीवी कैमरे लगे थे। हर वोटर को आईएमए का परिचयपत्र देखकर ही मतदान स्थल पर जाने दिया जा रहा था। वहां भी मतपत्र देने से पहले हर वोटर की परिचयपत्र समेत फोटो की जा रही थी। विभिन्न पदों के प्रत्याशी और उनके सैकड़ों समर्थक गेट के बाहर चौराहे से लेकर मतदान केंद्र के बाहर एकत्रित होकर वोट मांगने लगे थे। 11:00 बजे वोट मांगने को लेकर दो गुटों में टकराव की नौबत आते देख कोतवाली के सीओ नेत्रपाल वहां पहुंचे और धारा - 144 लागू होने का हवाला देते हुए मतदान स्थल पर भीड़ लगाने और चुनाव प्रचार करने पर आपत्ति की। उन्हें आईएमए का बाईलाज समझाकर शांत कराया गया। इसके बाद शाम चार बजे के बाद तक डॉक्टरों में वोट डालने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मतदान का समय खत्म होते समय शाम 5:00 बजे इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. संतोष कुमार ने गेट बंद करा दिया, हालांकि उस समय भी कुछ सदस्यों को निराश लौटना पड़ा, जबकि गेट के अंदर वोट डालने के लिए इतने ज्यादा डॉक्टर एकत्रित हो गए कि उनकी दो लाइनें लगवानी पड़ीं। शाम 6:00 बजे तक वोटिंग हुई।
चुनाव कमेटी के चेयरमैन डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि 1318 वोट पड़े। कई वोट खारिज हो गए। सबसे पहले अध्यक्ष पद के लिए पड़ो वोटों की काउंटिंग हुई। इसमें डॉ. आरती लाल चंदानी 724 वोट पाकर विजयी हुईं। इसी पद के दूसरे प्रत्याशी डॉ. यूसी सिन्हा को 573 वोट मिले। इसके बाद सचिव पद के लिए पड़े वोटों की काउंटिंग हुई। डॉ. रवि कुमार 662 वोट पाकर विजयी हुए। डॉ. रवि डॉ. सिन्हा गुट के प्रत्याशी हैं। अन्य पदों के मतों की गिनती 23 सितंबर को होगी।
इनसेट -
आईएमए के वोटर - 1937
वोट पड़े - 1318
अवैध मत - 10
वैध मत - 1308
शाम को रही मतदाताओं की सर्वाधिक भीड़
आईएमए चुनाव में रविवार को शाम 4:00 बजे से वोटरों की इतनी ज्यादा भीड़ हो गई कि मतदान केंद्र में मतपत्र वितरण स्थल से लेकर बाहर मेन गेट तक डॉक्टरों की भीड़ लग गई। मतदान स्थल पर पहुंचने का तय समय खत्म होते समय वहां इतनी ज्यादा भीड़ हो गई थी कि मतदाताओं की दो लाइनें लगवानी पड़ीं। यह देख कई दशकों से वोटिंग कर रहे कुछ वरिष्ठ सदस्य कहने लगे कि इतनी भीड़ तो पहले कभी नहीं हुई। यह सर्वाधिक भीड़ है।
फोटो
डॉ. दीपक, अर्चना, अनुराग निर्विरोध जीते
आईएमए चुनाव में डॉ. दीपक अवस्थी, डॉ. अर्चना भदौरिया और डॉ. अनुराग मेहरोत्रा निर्विरोध विजयी हुए। ये तीनों प्रत्याशी डॉ. यूसी सिन्हा गुट के हैं। सांस्कृतिक सचिव पद का चुनाव लड़े डॉ. मेहरोत्रा के खिलाफ कोई दूसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं था। वैज्ञानिक सचिव डॉ. अर्चना भदौरिया के खिलाफ नामांकन कराने वाले डॉ. आरपी सिंह ने नाम वापस ले लिया था, जबकि संपत्ति सचिव पद के प्रत्याशी डॉ. दीपक अवस्थी के खिलाफ चुनाव मैदान में कूदे डॉ. चंदानी गुट के प्रत्याशी का पर्चा खारिज हो गया था।