कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग की एक और जूनियर डॉक्टर को डेंगू हो गया। रविवार को हैलट, उर्सला समेत अन्य अस्पतालों में डेंगू जैसे लक्षणों वाले कई मरीज आए। अब तक डेंगू के 197 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से पांच की मौत हो चुकी है।
मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग की जेआर-थ्री (जूनियर डॉक्टर थर्ड ईयर) डॉ. श्वेता मिश्रा को आठ दिन से बुखार आ रहा था। पांच दिन पहले हुई जांच में डेंगू पाजिटिव आया। बाद में परिजन उन्हें घर ले गए। गौर रहे कि करीब 10 दिन पहले मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग की एक और जूनियर डॉक्टर को डेंगू की पुष्टि हुई थी। उधर, हैलट इमरजेंसी में डेंगू जैसे लक्षणों वाली महिला नेहा (30) निवासी लारमन बाग, कैंट को भर्ती कराया। इसी अस्पताल की इमरजेंसी में पनकी निवासी शरद के बेटे आयुष, रूरा के वीरेंद्र तिवारी (22) ट्रीटमेंट के लिए आए। वहीं, फतेहपुर निवासी एक ही परिवार के डेंगू जैसे लक्षणों वाले तीन मरीज भी भर्ती हुए हैं। इनमें नौशाद की पुत्री रुखसार (14), पुत्र अमन (17) और मोहम्मद हासिम की पुत्री ऐरम (17) शामिल हैं। उर्सला समेत अन्य अस्पतालों में भी डेंगू जैसे लक्षणों वाले कई मरीज पहुंचे।