कानपुर। शहर में जगह-जगह पड़ा कूड़े का ढेर जानलेवा हो गया है। बुधवार दोपहर वीआईपी रोड पर गीले कूड़े के कारण स्कूटी फिसलने से महिला की मौत हो गई जबकि स्कूटी चला रहा उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया।
चावल मंडी निवासी अरुण कुमार ओझा की शिवाला में रेडीमेड गारमेंट की दुकान है। उनकी बेटी रचना (32) ने तीन साल पहले सवाई सिंह का हाता निवासी निखिल कूल से विवाह किया था। बताते हैं ससुरालवालों की प्रताड़ना के चलते बीते दो साल से रचना मायके में रहकर बीएड की तैयारी कर रही थी। पति से तलाक का मामला भी चल रहा था। बुधवार दोपहर बीएड में एडमिशन की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए वह रिश्ते के भाई दीपक के साथ स्कूटी से डीजी कॉलेज जा रही थीं। योग टॉवर के पास एकत्र गीले कूडे़ के ढेर में उसकी स्कूटी फिसल गई। स्कूटी चला रहा दीपक दूर जा गिरा जबकि रचना के सिर पर गंभीर चोटें आईं। जानकारी पाकर पहुंची ग्वालटोली पुलिस रचना को लीलामनी हॉस्पिटल ले गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस वक्त हादसे में रचना ने दम तोड़ा, उस वक्त सपा पार्षद दल नगर आयुक्त से शहर में जगह-जगह फैले कूड़े-गंदगी की शिकायत कर रहा था। पार्षद दल के नेता हाजी सुहैल ने कहा कि रचना की मौत के लिए नगर निगम के अफसर जिम्मेदार हैं। अगर वह सफाई कराते तो उसकी जान न जाती। उन्होंने कहा कि रचना के परिजनों को नगर निगम अफसरों पर मुआवजे के लिए दावा ठोकना चाहिए।