कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज यूनिवर्सिटी में मंगलवार को मार्कशीट का फर्जी प्रोफार्मा पकड़ा गया। इसके सहारे प्रैक्टिकल के मार्क्स बढ़ाकर पास की फर्जी मार्कशीट बनवाने की कोशिश की जा रही थी। इस मामले में यूनिवर्सिटी के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से पूछताछ की गई है। यह मामला पकड़ में आने के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में फर्जी मार्कशीट, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, माइग्रेशन, डिग्री बनाने का बड़ा गिरोह सक्रिय होने की आशंका बढ़ गई है। जून के पहले सप्ताह में भी यूनिवर्सिटी कैंपस से फर्जी प्रोविजनल सर्टिफिकेट और ट्रांसक्रिप्ट बरामद हुई थी।
दयानंद दनकू परागा महाविद्यालय घाटमपुर में बीएससी सेकेंड ईयर के स्टूडेंट सुनील सिंह (रोल नंबर 215576) प्रैक्टिकल में फेल हैं। उन्हें प्रैक्टिकल में 50 में 49 मार्क्स देकर मार्कशीट का फर्जी प्रोफार्मा तैयार कराया गया। इस पर असिस्टेंट रजिस्ट्रार राकेश कुमार, अधीक्षक राम भुजारत और संबंधित सेक्शन के कर्मचारी राजेश सिंह के हस्ताक्षर फर्जी थे। मार्कशीट बनाने का प्रोफार्मा मंगलवार को कंप्यूटर सेंटर पहुंचने पर फर्जीवाड़ा पकड़ लिया गया। इस मामले में रजिस्ट्रार सय्यद वकार हुसैन ने प्रोफार्मा लेकर कंप्यूटर सेंटर जाने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राधे पाल से पूछताछ की है। कर्मचारी ने बताया कि उसे एक कॉलेज संचालक ने यह प्रोफार्मा दिया था। उसकी पहचान जल्द सार्वजनिक कर दी जाएगी। रजिस्ट्रार का कहना है कि इस मामले की जांच कराके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।