कानपुर। मिशन-2014 की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को आइना दिखाने की पहल कर दी है। इस सिलसिले में इमरजेंसी (25, 26 जून 1975) के दौरान जेल में ठूंस दिए गए बंदी और उनके परिजनों को भाजपा सम्मानित करेगी। इसके लिए 25 जून को लाजपत भवन में कार्यक्रम होगा। इसके मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी होंगे।
रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष बालचंद्र मिश्र कहा है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने 1975 में लोकतंत्र सेनानियों को जेल में बंद करके अलोकतांत्रिक काम किया था। भाजपा ने कानपुर नगर, कानपुर देहात के 326 ऐसे लोकतंत्र के सेनानियों को चिह्नित किया है जो उस दौरान अत्याचार के शिकार हुए थे। इन सभी को भाजपा पेंशन सहित अन्य सुविधा दिलाने की कोशिश करेगी। इससे पहले ‘लोकतंत्र सेनानी सम्मान’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में कानपुर नगर, कानपुर देहात के 326 बंदी या उनके परिजनों को डॉ. मुरली मनोहर जोशी सम्मानित करेंगे। वह सोमवार की शाम को ही कानपुर आ जाएंगे। इस मौके पर कार्यक्रम के संयोजक देवेंद्र सिंह भोले, सह संयोजक चंद्र कुमार गंगवानी, सुनील नारंग और क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मोहित पांडेय मौजूद रहे।