कानपुर। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ और रेडक्रास सोसाइटी के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस (14 जून) को बीएनएसडी कैंपस, बेनाझाबर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इच्छुक रक्तदानी इस विशेष शिविर में आकर रक्तदान कर सकते हैं और तमाम लोगों की जिंदगी बचा सकते हैं। शिविर में ब्लड ग्रुप की नि:शुल्क जांच होगी। स्वैच्छिक रक्तदाताओं की सूची भी बनेगी। आयरन और कैल्शियम की टेबलेट्स बाटी जाएंगी। कोई भी यहां आकर देहदान और रक्तदान का भी संकल्प ले सकता है।
रक्त का कोई विकल्प नहीं है, पर जागरूकता के अभाव में अक्सर पढ़े - लिखे लोग भी रक्तदान से कतराते हैं। तमाम लोग जरूरत पड़ने पर अपने परिजनों को भी खून नहीं देते। समय रहते खून न मिलने से आए दिन किसी न किसी मरीज की मौत हो जाती है। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ ने लोगों की इस प्रवृत्ति और भ्रांतियों को दूर करने के लिए ‘ अमर उजाला’ और ‘अमर उजाला कांपेक्ट’ के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने का बीड़ा उठाया है। रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सात जून से जागरूकता अभियान की शुरूआत की गई है। जागरूक पाठकों के संशय को दूर किया जाएगा। 14 जून को आयोजित शिविर में ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन प्रमुख रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी करेगा। रक्तदाताओं की सूची ‘अमर उजाला’ में फोटो सहित प्रकाशित की जाएगी। इस मौके पर ब्लड ग्रुप की नि:शुल्क जांच भी होगी। जिन लोगों को अपने ब्लड ग्रुप के बारे में नहीं पता है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही खुद को ब्लड डोनर के रूप में सूचीबद्ध करा सकते हैं।
शिविर में आकर कोई भी नेत्रदान या देहदान या दोनों संकल्प ले सकता है। इसके लिए अलग से काउंटर लगेगा। इस काउंटर में युग दधीचि अभियान के प्रमुख मनोज सेंगर इस बारे में लोगों को जानकारी देंगे। शिविर में स्वास्थ्य विभाग का भी एक काउंटर लगेगा, जिसमें आयरन टेबलेट्स बांटी जाएंगी। सीएमओ डॉ. आरपी यादव ने बताया कि शिविर में जनसंख्या नियंत्रण समेत स्वास्थ्य विभाग सेे संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।