कानपुर। अगर बंदियों से मुलाकात करने जेल जा रहे हैं तो आईडी की फोटोकॉपी जरूर लेकर जाइए। क्योंकि परिचित बंदी से मुलाकात करते समय जेल प्रशासन को फोटोकॉपी देनी होगी। यह व्यवस्था एक दिन की रियायत के बाद शुक्रवार से पूरी तरह लागू हो जाएगी।
सर्किट हाउस में अपराध, कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में शिरकत करने आए आईजी जेल आरपी सिंह ने बुधवार शाम जेल का औचक निरीक्षण किया। वह डीआईजी जेल शरद कुलश्रेष्ठ के साथ शाम 4.45 बजे जेल पहुंचे। आईजी ने सबसे पहले रसोई पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता परखी। इसके बाद अस्पताल, महिला और बच्चा बैरक पहुंचे। बंदियों से समस्याएं पूछीं। इसके बाद बैरिक नंबर 13, 14, आठ और नौ में सफाई व्यवस्था देखी। टॉयलेट में गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई है। यह पता चलने पर की बंदियों की अपेक्षा शौचालयों की काफी कमी है, उन्होंने इसी वित्तीय वर्ष में प्रस्ताव पास कराने का भरोसा दिया। आईजी ने कहा कि बंदियों के लिए साक्षरता अभियान चलाया जाएगा, इसके लिए 60 दिन का कोर्स तय किया गया है। साथ ही सजायाफ्ता बंदियों की पैरवी पर जोर देने को कहा गया। आईजी ने कहा कि जिन बंदियों की पैरवी परिजन नहीं करते हैं तो जेल प्रशासन उनकी पैरवी करे। पैरवी का पूरा ब्योरा तैयार किया जाए। इस दौरान जेल अधीक्षक पीडी सलोनिया और जेलर एके सिंह मौजूद रहे।