कानपुर। वर्ल्ड बैंक की टीम ने बुधवार को गंगा में गिर रहा सीसामऊ नाला देखा। दस सदस्यीय टीम वर्ल्ड बैंक के प्रेसीडेंट डॉ. जिम याँग किम की विजिट से पूर्व शहर का निरीक्षण करने आई थी। टीम ग्वालटोली में मलिन बस्ती, विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र सहित गंगा बैराज, रानीघाट, गुप्तारघाट और भौंती स्थित एटूजेड प्लांट भी गई। इसकी रिपोर्ट बनाकर वर्ल्ड बैंक के हेडक्वार्टर भेजी जाएगी।
वर्ल्ड बैंक की धनराशि से रेलवे का बहुद्देशीय फ्रेट कॉरीडोर बनाया जा रहा है। कॉरीडोर का कुछ हिस्सा शहर के बाहरी इलाके से गुजरना है। चर्चा है मार्च में फ्रेट कॉरीडोर का काम पूरा हो जाएगा और प्रेसीडेंट डॉ. जिम याँग किम कानपुर आकर फूलबाग या अन्य किसी जगह आयोजित भव्य समारोह में इसका उद्घाटन करेंगे। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री भी आ सकते हैं। शहर की विजिट के दौरान प्रेसीडेंट डॉ. जिम शहर के कई इलाकों का निरीक्षण भी कर सकते हैं। यही वजह है एक टीम पहले आकर संभावित जगहों का सर्वे कर रही है। टीम के साथ अपर नगर आयुक्त द्वितीय उदय नारायन तिवारी भी थे। उन्होंने बताया टीम ने ग्वालटोली से गुजर रहा सीसामऊ नाला का निरीक्षण किया। नाला कहां से आ रहा है? गंगा में किस जगह पर गिर रहा है? इस बारे में जानकारी ली। ग्वालटोली मलिन बस्ती, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र का भी टीम ने दौरा किया। यहां से रानीघाट, गुप्तारघाट होते हुए टीम गंगा बैराज पहुंची। कुछ देर बैराज देखने के बाद टीम के सदस्य भौंती स्थित एटूजेड प्लांट पहुंचे और कूड़ा निस्तारण, बिजली उत्पादन व टाइल्स बनाने का कारखाना देखा। श्री तिवारी ने बताया टीम अपनी निगरानी रिपोर्ट हेडक्वार्टर को भेजेगी।