कानपुर। आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी, सेंट्रल विवि के बीटेक कोर्स में एडमिशन के लिए प्रस्तावित ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेंस 2013 में शामिल होने वाले स्टूडेंट की संख्या 15 लाख के आसपास पहुंचेगी। गुरुवार की देरशाम तक 11 लाख से ज्यादा स्टूडेंट ने एंट्रेंस एग्जाम का फार्म भर दिया है। अंतिम 2 दिन भी आनलाइन फार्म भरने की मारामारी रहेगी।
जेईई मेंस का आयोजन सीबीएसई कर रहा है। यह एंट्रेंस टेस्ट 7 अप्रैल को होना है। इससे पहले आनलाइन आवेदन (फार्म भरने) की प्रक्रिया चल रही है। 15 दिसंबर की रात 12 बजे तक फार्म भरे जाएंगे। मोबाइल पर हुई बातचीत में सीबीएसई के चेयरमैन प्रो. विनीत जोशी ने बताया कि दो दिन पहले ही 11 लाख से ज्यादा स्टूडेंट ने फार्म भर दिए हैं, जो कि रिकार्ड है। 2012 की एआईईईई (आल इंडिया इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम) में करीब 11 लाख स्टूडेंट शामिल हुए थे। यह रिकार्ड इसबार टूट गया है। हालांकि इस फार्मेट का एंट्रेंस टेस्ट पहली बार कराया जा रहा है। सीबीएसई का अनुमान है कि जेईई मेंस के लिए करीब 15 लाख स्टूडेंट आवेदन करेंगे। उसी हिसाब से एंट्रेंस टेस्ट की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जेईई मेंस का आनलाइन आयोजन भी होगा। 8-28 अप्रैल 2013 के बीच आनलाइन एंट्रेंस टेस्ट कराने का प्रस्ताव है। जिस दिन फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी होगी, उसी दिन आनलाइन एंट्रेंस टेस्ट की अंतिम तारीख भी तय कर दी जाएगी।