कानपुर-फतेहपुर एमएलसी निकाय चुनाव में कुल 98.13 फीसदी वोट पड़े। ग्रामीण वोटर शहरियों पर भारी पड़े। ककवन में सभी वोटरों ने वोट डाले तो नगर निगम में सबसे कम 95.04 प्रतिशत वोटिंग हुई। सुरक्षा के बीच सभी बैलेट बॉक्स फतेहपुर जिले को भेज दिए गए हैं। छह मार्च को फतेहपुर में गिनती होगी।
जिला प्रशासन ने 12 मतदान स्थल पर वोटिंग की व्यवस्था की थी। सुबह आठ से शाम चार बजे तक वोटिंग कराई गई। सुबह वोटिंग काफी धीमे चली। दस बजे तक मात्र 8.30 फीसदी वोटिंग हुई। दस बजे के बाद वोटिंग ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी और 12 बजे तक वोटिंग का प्रतिशत 46 फीसदी पहुंच गया था। दो बजे 86 प्रतिशत और चार बजे 98.13 प्रतिशत वोटिंग हुई। एडीएम एलए सह उप जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री का दावा है कि शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। कहीं पर भी किसी तरह का विवाद नहीं हुआ।