कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के 40वें दीक्षांत समारोह में 96 मेधावियों को पदक दिए जाएंगे। 97122 छात्रों को उपाधियां दी जाएंगी। समारोह में 71 शोधार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। मुख्य अतिथि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष डॉ. समीर वी कामथ होंगे। विवि कैंपस कोर्सों के छात्रों को 99 पदक दिए जाएंगे।
17 सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर विवि के सेंटर फॉर एकेडमिक में विद्या परिषद, परीक्षा समिति और कार्यपरिषद बैठक का आयोजन किया गया। तय हुआ कि कुल 96 पदकों में एक कुलाधिपति स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति रजत पदक, 29 कुलाधिपति कांस्य पदक, 11 कुलपति स्वर्ण पदक और 53 प्रायोजित पदक दिए जाएंगे। विवि कैंपस के कुल 79 कोर्सों में 99 पदक दिए जाएंगे। इनमें 55 स्वर्ण पदक, 34 रजत पदक व 10 कांस्य पदक शामिल हैं। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, रजिस्ट्रार राकेश कुमार, प्रो. अंशु यादव, प्रो. आरके द्विवेदी, प्रो. विवेक कुमार द्विवेदी, प्रो. बीडी पांडेय आदि मौजूद रहे।
स्नातक के पांचवें व छठवें सेमेस्टर और परास्नातक के तीसरे व चौथे सेमेस्टर के फेल छात्र-छात्राओं के लिए सितंबर के अंतिम सप्ताह में विशेष बैक परीक्षा कराई जाएगी। यह फैसला परीक्षा समिति में पास हुआ। इस विशेष परीक्षा के लिए स्नातक के पांचवें व छठवें सेमेस्टर के एक विषय में (एक पेपर या दोनों पेपर) फेल, को-करिकुलर विषय में फेल छात्र हिस्सा लेंगे। इसके अलावा परास्नातक के तीसरे व चौथे सेमेस्टर के किसी एक पेपर में फेल छात्र यह विशेष परीक्षा दे सकेंगे। स्नातक के पांचवें व छठवें सेमेस्टर और परास्नातक के तीसरे व चौथे सेमेस्टर के एक विषय की प्रायोगिक-मौखिक परीक्षा में फेल छात्र शामिल हो सकेंगे। ये परीक्षा वैकल्पिक माध्यम से संपन्न होगी। जल्द समर्थ पोर्टल पर फॉर्म भरे जाएंगे।
छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विवि में 200-200 सीट वाला महिला-पुरुष छात्रावास बनाया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण, जिम्नेजियम का विस्तार किया जाएगा। स्ववित्तपोषित योजना के तहत मानदेय पर नियुक्त शिक्षकों की वेतन वृद्धि एवं वेतन से संबंधित नियमावली को भी अनुमोदन मिल गया। इसके अनुसार शिक्षकों के परफॉर्मेंस के अनुसार पांच से आठ फीसदी वेतन वृद्धि प्रति वर्ष की जाएगी।