भीतरगांव (कानपुर)। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की टीम ने शनिवार को विकास खंड के तीन गांवों में पहुंचकर विकास कार्यों और प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन योजना की हकीकत को परखा। टीम के सदस्यों ने गांववालों के साथ बैठक कर उनको स्वच्छता के बारे में जागरूक भी किया।
भारत सरकार की नेशनल लेवल मॉनीटरिंग टीम के सदस्यों कमल सिंह राव और शिवम सिंह ने विकास खंड की परौली, तेलियावर और शाह गांव पंचायतों का दौरा किया। जहां पर टीम ने वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन से वंचित पात्रों का सत्यापन खुली बैठक के जरिये किया।
दोपहर बाद शाह गांव पंचायत में टीम के सदस्यों ने गांववालों को भोजन करने से पहले और शौच जाने के बाद हाथ धुलने की उपयोगिता को समझाया। गांव पंचायत के सचिव से गांव में आगामी विकास कार्य योजना के बारे में पूछकर गांववालों को बताया।
परौली गांव पंचायत में प्रधानमंत्री सड़क, आवास, मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों, अजीविका मिशन के तहत समूहों का गठन और स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनवाए गए ग्रामीण शौचालयों का हाल देखा। तेलियावार गांव में लगाई गई चौपाल में मनरेगा के जाबकार्ड धारकों, पेंशनरों प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने प्रधानमंत्री योजना के तहत बनवाई गई सड़क में बोर्ड न लगा होने पर आपत्ति जताई। टीम के सदस्यों ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से कार्यदायी संस्था को सूचित कर बोर्ड लगवाने और उस पर सड़क का निर्माण शुरू होने की तिथि, लागत आदि सूचनाएं दर्ज कराने के निर्देश दिए।
टीम के साथ स्थानीय स्तर पर खंड विकास अधिकारी अवधेश अवस्थी, स्वच्छता खंड प्रेरक विनीत निगम, ग्राम विकास अधिकारी पीयूष कुमार, शेष कुमार, राजकुमार मौर्या, ग्राम प्रधान वंदना सिंह, (परौली), ग्राम प्रधान सुप्रिया सिंह (तेलियावर) और ग्राम प्रधान शाह विजयपाल सिंह के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।