पुखरायां(कानपुर देहात)। सट्टी थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के निकट मुगलरोड के किनारे 24 सितंबर को हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में रविवार को पुलिस को कामयाबी मिली। इसके दूसरे हत्यारोपी को फिरोजाबाद से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके पास से लूटा गया ट्रक और 30 गत्ता कांच के गिलास बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
सट्टी थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के निकट 24 सितंबर की सुबह झाड़ियों में दो लोगों के शव मिले थे। पुलिस अधीक्षक राधेश्याम, उपपुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने जांच पड़ताल की थी और थाना प्रभारी को खुलासा करने के निर्देश दिए थे। प्रयास करने के बाद भी शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। दोनों युवकों के गले को धारदार हथियार से काटा गया था। कई दिन ट्रक चालकों के वापस न आने पर मदनी ट्रांसपोर्ट फिरोजाबाद के मालिक ने 27 सितंबर को थाना भोरनस्वरुप, आगरा के नगला खास निवासी उदयवीर को ढूंढने को भेजा। सट्टी थाना में चस्पा सूचना में फोटो देखकर परिजनों व ट्रांसपोर्ट मालिक को सूचना दी थी। थाना रामगढ़, फिरोजाबाद के उर्दूनगर निवासी ट्रक चालक रफीक (40) और मुनीम दानिश (25) सुपर मदनी ट्रांसपोर्ट फिरोजाबाद से चूड़ी लादकर सतना, मध्यप्रदेश जाने की जानकारी मिली थी।
सट्टी के थाना इंचार्ज प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि मामले मे फिरोजाबाद की पुलिस ने 11 अक्तूबर को मुख्य आरोपी भोगनीपुर निवासी मुशीर को गिरफ्तार किया। जिसकी विवेचना के लिए रविवार को फिरोजाबाद गए थे। एक मृतक के परिजनों की सूचना पर फिरोजाबाद के सैलई चौराहे के निकट एक घर पर दबिश दी गई। इसमें दूसरा आरोपी शहजाद उर्फ बब्बू गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से लूटा गया ट्रक और लूटे गए 30 गत्ते कांच के गिलास बरामद हुए हैं। पुलिस के टीम के साथ एसआई प्रशांत कुमार, सिपाही गिरीश कुुमार व सुरेंद्र कुमार मौजूद थे।