अमर उजाला ब्यूरो
मौदहा। मौसम के उतार-चढ़ाव से वायरल का प्रकोप फैल रहा है। अस्पतालों में पहुंच रहे मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। शनिवार को कस्बे क ी सीएचसी में दोपहर डेढ़ बजे तक 391 मरीजों ने पंजीकरण कराया। मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल में समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है। सीएचसी में सभी बेड भरे हैं। वहीं पेट दर्द, बुखार जैसे रोगों से कराह रहे कई मरीज बरामदे की फर्श पर लेटकर अपनी बारी का इंतजार करते देखे गए। सीएचसी में ज्यादातर मरीज बाहर से दवा लाते दिखे। कई मरीजों के तीमारदारों ने बाहर की दवा लिखने पर नाराजगी जताई है।
दोपहर डेढ़ बजे संवाददाता सीएचसी की पंजीकरण खिड़की पर पहुंचा तो 391 लोग पर्चे लेकर जा चुके हैं। स्वास्थ्य कर्मी कासिब ने बताया कि हल्की बारिश होने से शनिवार को मरीज कम रहे। शुक्रवार को 425 मरीजों ने पर्चे लिए थे।
अस्पताल की रक्त जांच प्रयोगशाला में स्वास्थ्य कर्मी देहाती बाबू मिले। उन्होंने बताया कि जांच में अधिकांश रोगी टाइफाइड व वायरल के पाए जा रहे हैं। इक्का दुक्का मरीज ही मलेरिया के हैं। जिस मरीज को मलेरिया निकला है वह गुजरात से आया है।
सीएचसी के अधीक्षक डा.अनिल सचान अपने कक्ष में मरीजों का इलाज करते मिले। उनके कक्ष में मरीजों की भारी भीड़ थी। उनके सामने फर्श पर अपनी बारी का इंतजार कर रही सायर निवासी प्रेमा (60) लेटी थी। प्रेमा ने बताया कि उसे कई दिनों से बुखार आ रहा है। शुक्रवार को भी आई थी। तब डाक्टर ने उसे बोतल चढ़ाई थी। अभी उसे पूरा आराम नहीं मिला है। कमजोरी अधिक है। इसीलिए फर्श पर लेटकर अपनी बारी का इंतजार कर रही है।
सीएचसी में जमीन पर इलाज
-अस्पताल में मरीजों को नहीं मिल रही सारी दवाइयां