अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। आजमगढ़ में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत के बाद जिले में शुरू किए गए अवैध शराब के खिलाफ अभियान में दूसरे दिन आबकारी और पुलिस की टीमों ने 48 स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान 255 लीटर अवैध शराब जब्त की और 23 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए। चकमा देने के लिए कारोबार करने वाले लोग हाथ से बने पानी के पाउच की तरह पैक कर शराब बेचते मिले। वहीं बनाने वालों ने शराब भरे ड्रम जमीन में गाड़ रखे थे।
सोमवार को आबकारी और पुलिस टीमों ने बांगरमऊ, असोहा, बिहार, औरास और हसनगंज थानाक्षेत्रों के गांवों 48 स्थानों पर छापे मारे और 255 लीटर अवैध शराब बरामद की। टीमों को देखते ही अवैध शराब की बिक्री और बनाने के काम में लगे लोग भाग निकले। हालांकि आबकारी टीम ने कई लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया। 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी केके शुक्ला ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में अवैध शराब कतई नहीं बिकने दी जाएगी। आबकारी टीम ने ग्रामीणों ने अवैध से होने वाले नुकसान की जानकारी भी दी गई और जनजागरूकता के लिए गांवों में जगह-जगह पोस्टर भी लगाए।
फोटो नंबर-24, जमीन में दबाकर रखे गए शराब के गैलेन निकालते आबकारी पुलिस के जवान।
पाउच में बेच रहे थे कच्ची, जमीन में दबे मिले ड्रम
ढाई सौ लीटर से ज्यादा शराब बरामद, 23 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
13 भट्ठिया ध्वस्त कीं, 4500 क्विंटल लहन नष्ट किया