चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए) कानपुर के बीएससी फाइनल ईयर के छात्रों को अब आखिरी सेमेस्टर में उद्यमिता का प्रशिक्षण मिलेगा। इसके लिए आईसीएआर से 88 लाख रुपये का बजट मिला है। मीडिया प्रभारी डॉ. नौशाद खान ने बताया कि छात्रों को बीज प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि छात्र खुद का स्टार्टअप शुरू कर सकें। शनिवार को यह फैसला प्रबंध मंडल की बैठक में हुआ।
बैठक लखनऊ के शुगर इंस्टीट्यूट में कुलपति प्रो. सुशील सोलोमन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ऑडिटोरियम कैलाश भवन और खेल मैदान की बुकिंग भी महंगी कर दी गई है। कैलाश भवन की बुकिंग अब 60 हजार की बजाय 80 हजार रुपये में होगी। साफ-सफाई और बिजली का अलग भुगतान करना होगा। स्टेडियम पहले बीस हजार रुपये में पूरा ग्राउंड बुक होता था, अब पूरा ग्राउंड एक लाख रुपये में बुक होगा। यह बुकिंग एक दिन के निर्धारित घंटों के लिए है। बिजली और साफ-सफाई खर्च इसमें भी अलग से देना होगा। यह जानकारी विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. नौशाद खान ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रबंध मंडल में लिए गए फैसले को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। इस दौरान विवि के वित्त नियंत्रक मनमोहन मिश्र, डायरेक्टर प्रशासन प्रो. मुनीश गंगवार, विधायक फतेहपुर करण सिंह पटेल, वीर सेन यादव, रचना सिंह, जगदीश सिंह यादव, नथनी सिंह कुशवाहा, डॉ. एडी पाठक, एग्रीकल्चर सेक्रेटरी शिवराम शास्त्री व अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
ये भी हुए फैसले
- गेस्ट फैकल्टी का पारिश्रमिक भी बढ़ा दिया गया है। एमएससी कर चुके फैकल्टी को अब बीस हजार रुपये की बजाय 30 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि पीएचडी कर चुके उम्मीदवारों को 35 हजार दिए जाएंगे।
- आईसीएआर कीकास्ट योजना के तहत 25 करोड़ रुपये मिले हैं, वो अब वर्ल्ड बैंक के नियमों के अनुरूप संचालित किया जाएगा।
- मौखिक परीक्षा के लिए पारिश्रमिक एक हजार की बजाय अब दो हजार रुपये दिए जाएंगे।
- थीसिस जांचने और आंसर बुक चेक के लिए पारिश्रमिक पांच सौ रुपये की बजाय दो हजार रुपये दिया जाएगा।
- सीएसए का वार्षिक बजट 83 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 85 करोड़ कर दिया गया है।
- मूंग और अलसी की नई वैरायटी के बारे में जानकारी दी गई।
- बैठक में बताया गया कि विभिन्न फसलों के लिए 13 तकनीक विकसित की गई हैं। इसमें दो टेक्नोलॉजी प्रदेश सरकार से स्वीकार कर ली है।
विश्वविद्यालय के 137 छात्रों का हुआ प्लेसमेंट
विवि की प्रोग्रेस रिपोर्ट डीन रिसर्च प्रो. एचजी प्रकाश ने विवि की एकेडमिक रिपोर्ट पेश की। इसमें बताया कि इस सत्र में तीन बच्चों ने जेआरएफ क्वालीफाई किया। इसके अलावा 137 छात्रों का प्लेसमेंट इस सत्र में हुआ है। 37 इटावा कैंपस के छात्रों का भी चयन हुआ है। 40 छात्रों का चयन नेशनल टैलेंट स्कॉलरशिप के लिए हुआ है।