भीतरगांव (कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बीहूपुर (अटवा) और रक्सा गांव के बाहर बने मंदिरों के ताले तोड़कर बुधवार रात चोर पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। बीहूपुर गांव का फूलमती देवी मंदिर पुरातत्व विभाग में संरक्षित है। रार गांव के गंगा दयाल सैनी इस मंदिर के केयरटेकर व पुजारी हैं। वह बुधवार शाम करीब छह बजे आरती करने अपने गांव चले गए थे। गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचे तो करीब 55 पीतल के घंटे गायब थे। घंटे मंदिर के भीतर और परिसर में खड़े पीपल के पेड़ से बंधे थे। परिसर में बने चंदिका देवी मंदिर में भी चोरों ने धावा बोला। दूसरी वारदात रक्सा गांव के काली देवी के मंदिर में हुई। इस मंदिर के गेट पर लगा तोड़ चोर जंजीरों से बंधे करीब 10 घंटे काटकर ले गए। गांव बीहूपुर के बजरंग बली मंदिर से भी करीब पांच घंटे चोर काट ले गए। सुबह भक्त मंदिर पहुंचे तब चोरी की जानकारी हुई। किसी भी चोरी के संबंध में कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है।