डेरापुर(कानपुर देहात)। शुक्रवार को डीएम ने गुरुवार को डेरापुर ब्लाक व नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। दोनों जगह अधूरे अभिलेख देख डीएम ने नाराजगी जता लिपिकों को कार्रवाई की चेतावनी दी। उपस्थिति रजिस्ट्रर में कर्मियों के अवकाश व अनुपस्थिति दर्ज न होने पर संदेह व्यक्त किया। वहीं वर्षों से जमे लिपिकों को काम न करने पर फटकार लगाई।
डीएम राकेश कुमार सिंह ने सबसे पहले ब्लाक कार्यालय नवीन भवन का निरीक्षण किया। वहां निष्प्रयोज्य भवनों को नियमानुसार ध्वस्तीकरण कराकर मलबा निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लाक परिसर में संचालित राजकीय बीज भंडार का भी निरीक्षण किया। इस भवन की हालत बहुत ही जर्जर मिली। प्लास्टर उखड़ कर गिर रहा था। बीज भंडार प्रभारी अनुरुद्ध सिंह ने बताया कि चार वर्ष पूर्व ही भवन बना था लेकिन अभी से छत कई जगह से टपकती है। इस पर डीएम ने भवन निर्माण कराने वाली संस्था की जानकारी कर उससे स्पष्टीकरण तलब करने की बात कही। प्रधानमंत्री आवासों का कार्य देख रहे लिपिक शैलेश गुप्ता से आवास संबंधी पत्रावली तलब की। लिपिक उन्हें आवास के बाबत विवरण नहीं बता सके। अभिलेखों में त्रुटियां देख डीएम ने चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। इसी तरह से कैशियर सोनेलाल, डिस्पैच लिपिक निशा के अभिलेखों में भी त्रुटियां पाई। उन्हें भी फटकार लगाने के साथ कार्रवाई की चेतावनी दी। पेंशन का कार्य देख रही महिला लिपिक भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। उन्होंने लापरवाही करने वाले ग्राम विकास अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। डाक का काम देख रहे लिपिक सतगुरु का कार्य संतोषजनक देख प्रशस्ति पत्र देने की बात कही। डीएम ने सनिहापुर के दिव्यांग रामकेवल को ट्राईसाइकिल दी।