बिल्हौर (कानपुर)। क्षेत्र के ददिखा गांव में रविवार को जमीन के विवाद में नौ माह के मासूम की मौत हो गई। मौके पर पुलिस अधिकार पहुंचे तो वहां माता-पिता को नशे में धुत देखकर हतप्रभ रह गए। किसी तरह पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इधर, नशे में धुत माता पिता ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, अभीतक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र में ददिखा गांव निवासी नीलू कटियार अपनी पत्नी खुशबू उर्फ अंजलि के संग गांव में रहता हैं। इनके तीन बच्चे अनुभव (5), आर्यन (2) और नौ माह का सोम हैं। रविवार की शाम तीन बजे खुशबू ने 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोलरूम में अपने मोबाइल से सूचना दी कि गांव के ही अंकित से उनका जमीन का विवाद चला आ रहा है। रंजिश में अंकित ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और उनके नौ माह के मासूम बेटे सोम की पटक कर हत्या कर दी। पुलिस पुलिस गांव में पहुंची, जहां पूरा मामला पति-पत्नी की नशेबाजी का निकला। पुलिस पूछताछ में जमीन विवाद का मामला भी आया, लेकिन आरोपी युवक और गांव के लोगों का नीलू और खुशबू से कई माह से बोलचाल और लेना देना नहीं पाया गया। ग्रामीणों ने पुलिस पूछताछ में आशंका जताई कि खुशबू शातिर किस्म की महिला है। वह किसी को फंसाने के लिए किसी भी हद तकजा सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि खुशबू की ममता नशेबाजी में पूरी तरह मर चुकी है। वह नशे में धुत हो जाती है, तो तीनों बच्चे गांव में इधर-उधर रोटी मांग-मांग कर खाते हैं, साथ ही जिस नौ माह के मासूम सोम की मौत हुई वह मां के दूध के लिए घंटों चारपाई पर बिलखता रहता था। पति-पत्नी से गांव वाले वास्ता नहीं रखते हैं। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि खुशबू छोटी-छोटी बातों पर छेड़छाड़ व बलात्कार में फंसाने की धमकी देती है।
ददिखा गांव में करीब नौ माह के बच्चे की मौत हुई है। पूरा मामला हत्या का है या फिर चोट का इलाज न होने से बच्चे की मौत का। यह तथ्य शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मालूम हो सकेगा। मृतक मासूम के मां-पिता काफी शराब पीते हैं। यदि जांच में दोष सिद्ध होता है तो कुछ भी हो सकता है, कानूनी कार्रवाई जरूर होगी।
ज्ञान सिंह, इंसपेक्टर बिल्हौर