अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। बीघापुर थानाक्षेत्र में दस दिन पहले हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। अवैध संबंधों में पति के बाधक बनने पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की कराई है। प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर पति को मार डाला। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बीघापुर थानाक्षेत्र के ऊंचगांव सानी गांव निवासी मुकेश कुमार (35) पुत्र स्व. महाप्रसाद की दस दिन पहले बाजीखेड़ा गांव के निकट गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मुकेश की मां ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को घटना का खुलासा करते हुए एएसपी उत्तरी अनूप कुमार ने बताया कि मुकेश के रिश्तेदार ठाकुरखेड़ा गांव निवासी रजनीश कुमार उर्फ बड़कउनू का उसके घर आना-जाना था। तभी पत्नी प्रियंका से रजनीश के संबंध हो गए। प्रियंका व मुकेश फोन पर बात करने लगे।
इसकी जानकारी होने से मुकेश ने विरोध शुरू कर दिया था। 14 जून की रात रजनीश ने मुकेश क ो फोन कर बुलाया था। वहां रजनीश और गांव का ही उसका साथी रिजवान पहले से मौजूद था। दोनों ने मुकेश को पहले शराब पिलाई और नशे में होने के बाद बांके से गला रेतकर हत्या कर दी। मुकेश की मां ने भी रजनीश पर शक जताया था। पुलिस ने रजनीश से पूछताछ की तो हकीकत सामने आई।
रविवार रात पुलिस ने पत्नी सहित तीनों हत्यारोपियों को गिरफ़्तार कर लिया। हत्यारों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयोग किया गया बांका, मृतक का टूटा मोबाइल व सिम के साथ ही योजना बनाने में शामिल चार मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। हत्या का खुलासा करने वाली टीम में शामिल एसओ मनोज कुमार मिश्र, एसआई सुधीर बाबू, अवधेश कुमार, भगत सिंह, बाबूराम वर्मा सहित अन्य टीम का सहयोग रहा।