अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। सिरयावा श्रमदान मोड़ के पास नाले में मिले युवक के शव के मामले में बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में सिर पर चोट और पसलियां भी टूटी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई और शव नाले में फेंक दिया गया।
सिरयावा श्रमदान मोड़ के पास एक नाले में एक युवक का शव मिला था। पुलिस को तलाशी में मिले आधार कार्ड से शव की शिनाख्त गांव तिरको निवासी सौरभ बाथम(25) पुत्र स्व. वेदानंद के रूप में हुई थी। मौके पर पहुंचे चाचा, मामा व चचेरी बहन रचना ने बताया था कि युवक परिवार सहित पंजाब में रहकर बेकरी कंपनी में काम करता है। रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने आया था। राखी बंधवाकर गांव तिरको जा रहा था। हत्या कर फेंके जाने की आशंका जताई गई थी।
शरीर पर बाहर से कोई चोट के निशान न होने से मामला संदिग्ध लग रहा था। बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसमें पीट-पीटकर हत्या का तथ्य सामने आया है। थानाध्यक्ष बलिराज शाही ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके कंधे और सिर में अंदरूनी चोट है व पसलियों में फ्रैक्चर निकला है। बताया कि बियर की बोतल मिली थी मगर नशे में होने की बात गलत निकली है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पंजाब से अभी परिजन तहरीर देने नहीं आए हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।