फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे साइकिल सवार छात्र पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीण बांदा टाडा हाईवे पर शव ले जाने लगे।
इस सूचना पर पुलिस गांव पहुंच गई। पुलिस ने गांव में ही भीड़ को रोक लिया। पुलिस प्रशासन पांच घंटे की मशक्कत के बाद भी शव को कब्जे में नहीं ले सका। मुआवजे और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट की मांग को लेकर ग्रामीण अड़े हैं।
कक्षा आठ का छात्र मनोज (15) पुत्र मेवालाल चौहान गाजीपुर के अयाह गांव के मजरे भगवानपुर निवासी था। वह घर से अयाह स्थित सरकारी गल्ले की दुकान से साइकिल से राशन लेने जा रहा था। रास्ते में उसके ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा।
करंट की चपेट में आने से वह झुलसने लगा। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इन्होंने उपकेंद्र में सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। हादसे से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीण शव उठाकर हाईवे जाम करने के लिए ले जाने लगे। इसकी भनक शाह चौकी पुलिस को लगी। पुलिस फौरन गांव पहुंच गई।
पुलिस ने ग्रामीणों को रोक लिया। ग्रामीणों ने गांव के ही रास्ते पर शव रखकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। कई गांवों का संपर्क मार्ग होने से राहगीर परेशान हो गए। गांव के लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।
मामला बढ़ने पर एसओ आरके पटेल, तहसीलदार जेपी पांडेय मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण घटना हुई है। अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। साथ ही परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
घटना के बाद शाम सात बजे तक पुलिस शव नहीं उठा सकी। एसओ ने बताया कि ग्रामीण एसडीएम सदर को बुलाने की मांग कर रहे हैं।
- गांव के लोगों ने नहीं उठने दिया शव