कानपुर। आवासीय क्रिकेट छात्रावास में प्रवेश के लिए ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित 15 दिवसीय केंद्रीय प्रशिक्षण कैंप का मंगलवार को समापन हो गया। इस दौरान प्रदेशभर से आए 80 जूनियर खिलाड़ियों ने फाइनल ट्रायल में चयनकर्ताओं के सामने अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन कर कौशल दिखाया। बुधवार को सभी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। वहीं खेल निदेशालय 10 से 15 दिनों में चयन सूची जारी करेगा।
कैंप के अंतिम दिन फाइनल ट्रायल में पूर्व क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पांडेय, सिराजुद्दीन, अनुराग पांडेय, उपक्रीड़ाधिकारी सुनील सिंह तथा ग्रीनपार्क के कोच अमित पाल ने खिलाड़ियों की फिटनेस और तकनीकी कौशल का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस दौरान यो-यो टेस्ट के माध्यम से खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, गेंद पकड़ने की गति और थ्रो टाइम का आकलन किया गया। इसके बाद नेट्स में बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन कराया गया जहां खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
कोच अमित पाल ने बताया कि प्रदेश में ग्रीनपार्क सहित मैनपुरी, देवरिया, फतेहपुर और अलीगढ़ में क्रिकेट छात्रावास संचालित हैं। इसके लिए हुए फाइनल ट्रायल में कानपुर मंडल के अनमोल श्रीवास्तव, दक्ष राज प्रजापति, दिनेश निषाद, औरैया के नितिन कुमार, इटावा के ऋषि, मो. दानिश, मिलिंद, अदव सिंह भदौरिया, गणेश कुमार, शोभित कुमार और पीयूष पाल के साथ 80 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल निदेशालय चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी करेगा।