एंबुलेंस न मिलने से फतेहपुर चौरासी में गर्भवती पत्नी को बाइक से अस्पताल लेकर पहुंचा युवक
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले में चल रही एंबुलेंस चालकों की हड़ताल ने गर्भवती महिलाओं के लिए सबसे अधिक मुश्किलें पैदा कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार तीन दिन में 73 गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस सेवा का लाभ नहीं मिला। गर्भवती महिलाओं को बाइक, ई रिक्शा व ठेलिया से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
तीन माह से भुगतान न मिलने की वजह से 108 व 102 एंबुलेंस सेवा के चालक हड़ताल पर हैं। 102 एंबुलेंस सेवा में गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल लाने व प्रसव के बाद अस्पताल से घर छोड़ने की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। हालांकि सोमवार सुबह से शुरू हुई हड़ताल से गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस सेवा का लाभ नहीं मिला।