झींझक (कानपुर)। रसूलाबाद-झींझक मार्ग पर मिंडाकुआं के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार अधेड़ को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर शव नहीं उठने दिया। एसडीएम और सीओ ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका।
बुधवार की दोपहर महिपाल पुरवा रसूलाबाद निवासी रामसजीवन (50), देवरा थाना रसूलाबाद निवासी अहिवरन के साथ बाइक से झींझक बाजार जा रहा था। मिंडाकुआं के पास रसूलाबाद की तरफ से आए ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर पीछे बैठक रामसजीवन सड़क पर गिर गए। ट्रक कुचलते हुए भाग गया। इससे रामसजीवन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक अहिवरन गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी बिमला व पुत्र अजीत के साथ ग्रामीण भी मिंडाकुआं पहुंच गये। परिजनों को शव पर बिलखता देख हर किसी की आंखें नम हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर शव नहीं उठने दिया और करीब तीन घंटे तक रसूलाबाद झींझक मार्ग जाम रखा। एसडीएम परवेज अहमद, सीओ डेरापुर तेज बहादुर, निरीक्षक मंगलपुर तुलसीराम पांडेय, एसएसआई रसूलाबाद अमर सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण जिद पर अड़े रहे।
एसडीएम ने परिजनों को समझा बुझाकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई व सहायता राशि देने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने शाम 4:30 बजे जाम खोला। इंस्पेक्टर मंगलपुर तुलसी राम पांडेय ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तहरीर नही मिली है तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।