अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। हसवा ब्लाक के क्षेत्र पंचायत प्रमुख का उपचुनाव नौ मार्च को होगा। सात मार्च को नामांकन व प्रपत्रों की जांच होगी। आठ मार्च को पर्चा वापस लिए जाएंगे। मतदान के दिन ही शाम तीन बजे से मतगणना होगी।
मलांव-रामपुर थरियांव वार्ड से अमित लोधी निर्विरोध बीडीसी हुए थे। इसके बाद ब्लाक प्रमुख के लिए मतदान हुआ लेकिन दूसरे पक्ष सुरेंद्र यादव की ओर से वोट डालने ही लोग नहीं आए, इससे अमित लोधी को विजेता घोषित कर दिया गया था। बाद में इलाज के दौरान दिल्ली के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई। बीते दिनों हुए उपचुनाव में मलांव-रामपुर थरियांव वार्ड से स्व.अमित लोधी के भतीजे व पूर्व विधायक आनंद लोधी के बेटे अक्षय लोधी बीडीसी का चुनाव जीते हैं। वह ब्लाक प्रमुख पद के दावेदार भी हैं। इनके विपक्ष में पूर्व ब्लाक प्रमुख सपा नेता इंद्रसेन यादव अपने बड़े भाई सुरेंद्र यादव को चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एके तिवारी ने बताया कि चुनावी कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। उपनिर्वाचन के लिए निरक्षर, नेत्रहीन या नि:शक्त बीडीसी मतदान के दिन सहायक के लिए अपना आवेदन सात मार्च को सुबह 11 बजे तक अपने बीडीओ के पास जमा कर सकते हैं। आवेदक को आवेदन पत्र पर एक फोटो चिपकानी है तथा एक फोटो संलग्न करनी है। इसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।