फर्रुखाबाद। चोरी की बिजली से घर रोशन करने पर शिकंजा कसने के लिए केंद्र सरकार ने हर घर में बिजली का कनेक्शन देने को सौभाग्य योजना शुरू की है। इसके तहत ग्रामीण इलाकों में गरीबों को मुफ्त में कनेक्शन मिलेगा। इसके अलावा अन्य लोगों को पहले दिन 50 रुपये कनेक्शन कराने को देने होंगे। इसके बाद प्रत्येक माह 50-50
रुपये की किस्त 10 माह तक देनी होगी। वह भी मासिक बिजली बिल के साथ देनी होगी। ताकि ग्रामीण इलाकों को कनेक्शन करवाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो सके। सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन दिए जाने को रविवार को ग्रामीण इलाकों में कैंप लगाए जा रहे है। इन कैंपों में ग्रामीण पहुंच कर बिजली का कनेक्शन करवा सकते है। योजना को सफल बनाने के लिए एक्सईएन ग्रामीण जीएस कशेरवाल ने अवर अभियंता और कार्यालय कर्मचारियों की कैंपों में ड्यूटी लगा दी है। रविवार के बाद सोमवार को गांवों में कैंप लगाकर योजना के तहत कनेक्शन दिया जाएगा।
याकूतगंज, अमृतपुर, शेखपुर, मॉझगांव, नगला मना, विद्युत उपकेेंद्र नहरैया, विद्युत उपकेंद्र जहानगंज, विद्युत उपकेंद्र भूडनगरिया, नवाबगंज, शमसाबाद, कंपिल, खंड कार्यालय भोलेपुर और खंड कार्यालय कायमगंज में कैंप सुबह 10 बजे लगाया जाएगा।
बिजली का कनेक्शन कराने के लिए ग्रामीणों को कैंप से फार्म मिलेगा। जिसको भरकर वहां मौजूद जेई व विभागीय कर्मचारियों को देना होगा। इसके साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, वाहन चालक लाइसेंस अथवा बैंक एकाउंट की प्रतिलिपि जो उपभोक्ता के पास हो, उसको कनेक्शन के समय जेई को उपलब्ध करानी होगी।
बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को दर्ज करने के लिए कारपोरेशन ने टोल फ्री नंबर की सुविधा दी है। 1912 नंवर पर उपभोक्ता बिजली कनेक्शन न मिलने, बिल जमा न होने व अन्य किसी प्रकार की बिजली से संबंधित शिकायत हो। उसको टोल फ्री नंबर पर दर्ज करा सकता है।
ग्रामीणों को दिए जाएंगे बिजली कनेक्शन
ग्रामीण इलाकों में कई जगह लगाए जाएंगे आज कैंप
गरीबों को मुफ्त और अन्य को किस्तों में मिलेगा कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो