दो हजार 68 किसानों को दिया प्रमाण पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। नगर के पशु बाजार में किसान ऋण माफी योजना के प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। बुधवार को आयोजित समारोह में कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने कहा कि सरकारी मशीनरी किसानों की भावनाओं को समझकर उनकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराए।
तहसील क्षेत्र के 2068 किसानों को कर्ज माफी के प्रमाणपत्र दिए गए। राज्यमंत्री जयकुमार जैकी और बिंदकी विधायक करणसिंह पटेल ने ऋण माफी प्रमाणपत्र बांटे। इस मौके पर मंत्री जय कुमार जैकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के समय जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है।
इसके अलावा प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी को किसानों का हमदर्द, गरीबों का रहनुमा बताते हुए कहा कि आजादी के बाद से अब तक ये सर्वश्रेष्ठ पीएम और सीएम साबित हुए है।
उधर, वितरण समारोह को आठ सेक्टरों में बांटकर पहले किसानों को टोकेन दिए गए। इस मौके पर एडीएम जगदीश सिंह, जिला कृषि अधिकारी अमर सिंह, सीओ विनोद कुमार, एसडीएम सत्य प्रकाश सिंंह, तहसीलदार प्रमेश श्रीवास्तव, न्यायिक तहसीलदार वीपी सिंह, नायब तहसीलदार रमेश चंद्र पांडेय, खंड शिक्षाधिकारी अमौली पुष्पराज सिंह, उमेश त्रिवेदी, सहित मलवां, देवमई, अमौली के खंड शिक्षाधिकारी मौजूद रहे।