अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाने के निकट इंटरनेट की दुकान पर गई छात्रा से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर युवक ने छात्रा को थप्पड़ मारे। इसके बाद धमकी देते हुए भाग गया। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र की रहने वाली छात्रा मंगलवार की दोपहर थाने के निकट इंटरनेट की दुकान पर काउंसलिंग की जानकारी लेने के लिए गई थी। इस बीच मोहल्ला दीवान मुबारिक निवासी महताब भी दुकान पर पहुंच गया। आरोप है कि युवक छात्रा का हाथ पकड़ उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो युवक ने छात्रा को थप्पड़ जड़ दिए।
इस दौरान छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। खुद को घिरता देख शोहदा भाग गया। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और युवक की तलाश में छापा मारा। हालांकि युवक पुलिस के हत्थे नहीं लगा। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। छात्रा घटना के बाद से काफी भयभीत है। थाना प्रभारी राजेश पाठक ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस ने की रिपोर्ट दर्ज, आरोपी फरार