कानपुर। शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए हुई ऑनलाइन आवेदन व सत्यापन प्रक्रिया के बाद बुधवार को बच्चों की लॉटरी निकाली गई। इस वर्ष कुल 10647 आवेदन स्वीकृत किए गए थे। कंप्यूटराइज लॉटरी के माध्यम से इसमें से 7128 बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया गया। वहीं 3519 छात्र फिलहाल स्कूल आवंटन से वंचित रह गए। ऐसे छात्रों को अगले चरण की लॉटरी/ री-अलॉटमेंट प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे पोर्टल पर नियमित रूप से आवेदन का स्टेटस चेक करते रहें और निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेज सत्यापन पूरा कराएं। जिले में आरटीई के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया दो फरवरी से शुरू हुई थी। 16 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन के बाद 17 मार्च तक उनका सत्यापन किया गया। योजना के तहत निजी विद्यालयों में कक्षा एक और पूर्व-प्राथमिक कक्षाओं में 25 प्रतिशत सीटों पर दुर्बल वर्ग के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन, सत्यापन, लॉटरी और नामांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन हो रही है। (संवाद)