घाटमपुर जिले के सजेती में मंगलवार दोपहर थाना सजेती के मवई भच्छन गांव में बीमारी से परेशान वृद्धा (70) ने खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि वह गठिया की बीमारी से परेशान थीं।
इसके चलते मानसिक रूप से भी तनाव में रहती थीं। गांव निवासी राजेंद्र सिंह चौहान पुराने जमींदार हैं। उनकी पत्नी सुधा सिंह (70) ने मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे कमरे के अंदर खुद को तमंचे से गोली मार ली।
गोली सुधा सिंह के सीने को पार कर गई। सुधा सिंह को सीएचसी घाटमपुर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने गांव पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सजेती एसओ अमित कुमार मिश्रा, सीओ घाटमपुर रवि सिंह पहुंचे और फोरेंसिक टीम से जांच कराई।