सिकंदरा। निन्हौरा गांव के पास गुरुवार दोपहर शाहजहांपुर के एक किसान से दिनदहाड़े 70 हजार रुपये की लूट हो गई। किसान औरैया की गल्ला मंडी में लाही बेचकर आटो से लौट रहा था। एक लुटेरा किसान के साथ आटो में सवार हो गया और सूनसान स्थान में आटो रुकवा कर किसान से रुपये छीन लिए। इसके बाद लुटेरा पीछे बाइक से आ रहे साथी के साथ भाग निकला।
थाना सट्टी के शाहजहांपुर गांव निवासी किसान ज्ञान सिंह पाल ने बताया कि वह गुरुवार सुबह लाही लेकर औरैया जिले की गल्ला मंडी में बेचने गया था। वहां 70 हजार रुपये की लाही बिकी। ये रकम जेब में डालकर वह घर जाने के लिए आटो पर सवार हो गया। आटो में कई और सवारियां बैठी थीं।
सिकंदरा के निन्हौरा गांव के सामने मुगलरोड पर आटो रुकवा कर एक लुटेरे ने रुपये छीन लिए। इस बीच पीछे से उसका एक साथी बाइक लेकर पहुंच गया। आटो से उतर कर बदमाश बाइक से साथी संग फरार हो गया। शोर मचाने के बाद भी किसी ने उसे पकड़ने की कोशिश नहीं की।
किसान ने बताया कि लूट करने से पहले बदमाश ने उसकी जेब में सफेद पाउडर सा पदार्थ डाल दिया था। इससे जेब का कपड़ा खराब हो गया और वह आसानी से पूरी रकम लेकर भागने में सफल रहा। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर सिंह ने किसान की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है।