कानपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हो गया है। 2022 की मतदाता सूची की तुलना में इस बार सबसे अधिक मतदाता किदवईनगर विधानसभा क्षेत्र से कम हुए हैं। यहां 114118 मतदाता कम हुए हैं। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में 103063, कैंट क्षेत्र में 97558 मतदाता सूची से बाहर हुए हैं।
इसी तरह महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में 90505, गोविंदनगर क्षेत्र में 80518, आर्यनगर में 77096, बिल्हौर में 65228, सीसामऊ में 50558, घाटमपुर में 32103 और बिठूर में 28030 मतदाता सूची से बाहर हुए हैं। अभियान से पहले जिले की 10 विधानसभा सीटों पर 35,38,261 मतदाता थे। तीन महीने तक चली एसआईआर प्रक्रिया के बाद जारी हुई सूची में यह संख्या घटकर 26,36,113 रह गई। अनंतिम सूची से 9,23,469 मतदाता के नाम कटे थे। हालांकि 2,38,204 नए वोटर जुड़े भी हैं। ऐसे में कुल 687201 मतदाता 2022 की सूची की तुलना में कम हो गए हैं। अब 28.51 लाख मतदाता बचे हैं।
एसआईआर में 104046 मृतक, 310030 मतदाताओं का पता गलत मिला और 391618 मतदाता दूसरे जिलों में शिफ्ट हो गए। इसके साथ ही 67478 नाम डबलिंग और 28976 मतदाताओं का कुछ पता ही नहीं चला है। इसके बाद नो-मैपिंग के नाम पर छह लाख से ज्यादा मतदाता प्रक्रिया से बाहर हो गए। सुनवाई में भी पूरी संख्या सामने नहीं आई। इसके बाद 21,321 और नाम काटे गए जिससे कुल कटे वोटरों का आंकड़ा 9.23 लाख तक पहुंच गया। हालांकि अनंतिम सूची प्रकाशन के बाद फॉर्म-6, 7, 8 के आवेदन लगातार जारी रहे जिसके जरिए 2,38,204 नए वोटर जोड़े गए। अब यह संख्या बढ़कर 28.51 लाख हो गई। इनमें 15.35 लाख पुरुष और 13.15 लाख महिला मतदाता हैं।
सबसे ज्यादा महाराजपुर में सीसामऊ में सबसे कम मतदाता
एसआईआर के बाद जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में महाराजपुर में सबसे ज्यादा मतदाता 3.69 लाख और सीसामऊ में सबसे कम 2.12 लाख मतदाता हैं। अगर वोट कटने की बात करें तो सबसे ज्यादा महाराजपुर विधानसभा में 1,29,563 मतदाताओं के नाम और इसके बाद कल्याणपुर में 1.25 लाख के नाम कटे थे। सीसामऊ में 65,488 मतदाताओं के नाम कटे थे ।
एक नजर नए मतदाताओं की संख्या पर
विधानसभा 2022 संख्या वर्तमान संख्या
बिल्हौर 406178 340950
बिठूर 372066 344036
कल्याणपुर 367699 264636
गोविंदनगर 337848 257330
सीसामऊ 263498 212940
आर्यनगर 298875 221779
किदवईनगर 335897 221779
कानपुर कैंट 366954 269396
महाराजपुर 459884 369379
घाटमपुर 329362 297259
1.04 लाख मतदाता मृत पाए गए जबकि लगभग 28,976 मतदाता का अता-पता ही नहीं चला
कानपुर। गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में सूची से मतदाताओं के नाम कटने से चुनावी गणित बदल गई है। करीब 1.04 लाख मतदाता मृत पाए गए जबकि लगभग 28,976 मतदाता का अता-पता ही नहीं चला। इसी तरह 3.10 लाख मतदाताओं के पते गलत मिले। 3.91 लाख दूसरे जिलों में शिफ्ट हो गए और 67,478 मतदाता डुप्लीकेट मिले। यानी कुल मिलाकर एसआईआर के दौरान 9,02,148 नाम मतदाता सूची से बाहर कर दिए गए।
जिले में वर्ष 2022 मतदाता सूची में 35.38 लाख मतदाता थे। इसमें करीब 6 लाख मतदाता नो मैपिंग में शामिल हुए। करीब 2,07,661 मतदाता 2003 की सूची के आधार पर कोई डिटेल गणना प्रपत्र में नहीं भर पाए थे। इन सभी को नोटिस जारी किया गया जिसमें करीब 5.87 लाख लोग ही सुनवाई के लिए उपस्थित हुए। 21,321 लोग फिर भी नहीं पहुंचे जिनके नाम भी सूची से हटा दिए गए। इस दौरान 2,38,204 नए मतदाता जुड़े जिसको मिलाकर जिले में मतदाताओं की संख्या 28,51,060 पहुंच गई।
एक नजर विधानसभा वार नए जुड़े मतदाता
विधानसभा नए मतदाता
महाराजपुर – 45,159
कानपुर कैंट – 28,736
कल्याणपुर – 25,358
किदवई नगर – 23,403
बिठूर – 22,128
गोविंदनगर – 21,372
सीसामऊ – 20,287
बिल्हौर – 19,553
आर्यनगर – 19,205
घाटमपुर – 15,975
वर्जन-
जिले में 28.51 लाख मतदाता के नाम सूची में प्रकाशित किए गए हैं। इनकी सूची सभी राजनैतिक दलों को भी सौंप दी गई है। करीब 2.38 लाख मतदाता एसआईआर प्रक्रिया के बाद और सूची में शामिल हुए हैं। आगे भी नए मतदाताओं के जुड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी। कोई भी मतदाता अपना नाम सूची में जुड़वा सकता है। - जितेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी