छावनी परिषद के चुनाव में सोमवार को कुल 67 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सुबह 11 बजे शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया शाम 4:30 बजे तक चली।
चार बजे तक जो प्रत्याशी गेट के अंदर दाखिल हुए सिर्फ उन्हीं के आवेदन लिए गए। एक को देर से आने पर वापस लौटा दिया गया।
एक प्रत्याशी का नाम देर शाम तक फीड नहीं हो पाया था। आवेदनों में यदि किसी तरह की शिकायत है तो परिषद कार्यालय में 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकती है।
नाम वापसी तिथि 12 दिसंबर तय की गई है।
छावनी परिषद के चुनाव में जुलूस के साथ नामांकन कराने पहुंचे प्रत्याशियों ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। अपने-अपने क्षेत्रों में सुबह सात बजे से ही ढोल और नगाड़े के साथ जमकर प्रचार प्रसार किया।
समर्थकों को साथ लेकर रास्ते में सभी से मिलते हुए नामांकन स्थल पहुंचे। इन प्रत्याशियों में कुछ पुराने तो ज्यादातर नए प्रत्याशी इस बार मैदान में हैं।
महिला प्रत्याशियों ने भी समर्थकों के साथ बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
फूल, मालाओं से लदे प्रत्याशियों को देखकर लग रहा था, जैसे विधानसभा का चुनाव होने जा रहा है। कई प्रत्याशियों का चेहरा भी ठीक से नहीं दिख रहा था।
छावनी परिषद कार्यालय परिसर के बाहर मुख्य गेट तक ही समर्थकों को जाने की इजाजत थी। उसके बाद प्रत्याशी और प्रस्तावकों को ही अंदर जाने दिया गया।
जुलूस से पहले नामांकन करने वाले ज्यादातर प्रत्याशियों ने अपने अपने क्षेत्र में कई जगह होर्डिंग भी लगा रखी है। नामांकन के बाद से सभी अपने अपने क्षेत्रों मे पहुंचकर प्रचार में जुट गए हैं।