पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 640 गरीब बेटियों को योजना का लाभ दिया गया है। पिछड़ा वर्ग विभाग ने अपने लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल कर लिया है।
सबसे ज्यादा अनुदान बिल्हौर तहसील की 206 बेटियों को दिया गया है। इस वित्तीय वर्ष 530 बेटियों को लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत अन्य पिछड़े वर्ग के निर्धन परिवार की पुत्रियों की शादी के लिए प्रति लाभार्थी 20 हजार रुपये का लाभ दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 640 बेटियों को 1.28 करोड़ का लाभ देने का लक्ष्य दिया गया था।
घाटमपुर में 204, कानपुर नगर में 117, नर्वल में 113 बेटियों को योजना का लाभ दिया गया है। जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी वीर पाल ने बताया कि जिन बेटियों ने मार्च माह में आवेदन किया था, उन्हें अब नए वित्तीय वर्ष के लक्ष्य में लाभ दिया जाएगा। अभी 530 लाभार्थियों को लाभ देने का लक्ष्य दिया गया है।