चौबेपुर और कल्याणपुर में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए गुरुवार को 64.62 फीसदी वोट पड़े। 156 क्षेत्र पंचायत और छह जिला पंचायत सदस्य सहित कुल 162 सीटों के लिए 797 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 107 जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 904 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है।
कल्याणपुर में एक लाख 19 हजार 186 वोटर में से 77 हजार 113 और चौबेपुर में 99 हजार 795 वोटरों में से 64 हजार 418 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
17 बूथों पर दोपहर तक 60 फीसदी वोटिंग
गुरुवार दोपहर एक बजे कलेक्ट्रेट रूम में बने कंट्रोल रूम में रखे फोन की घंटी बजी। ई डिस्ट्रिक मैनेजर संदीप यादव ने फोन उठाया तो बताया गया कि चौबेपुर के सेक्टर चार में अभी तक 60 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। ई डिस्ट्रिक मैनेजर ने एडीएम फाइनेंस शत्रुघ्न सिंह को बताया तो वह चौंक गए।
उन्होंने ई डिस्ट्रिक मैनेजर से कहा, गलत सूचना नोट कर ली है। दोपहर तक इतनी वोटिंग कैसे हो सकती है। कंट्रोल रूम से दोबारा सेक्टर मजिस्ट्रेट को फोन मिलाकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह सही है। इस पर एडीएम फाइनेंस ने एडीओ से पूछा कि देखकर बताएं कि सेक्टर चार में किस गांव के कितने बूथ है।
एडीओ ने बताया कि सेक्टर चार में मालौ, गोगूमऊ, कुर्मी खेड़ा कला, चंपतपुर और भगवंतपुर के 17 बूथ हैं। एडीएम फाइनेंस ने फिर सेक्टर मजिस्ट्रेट से वोटिंग प्रतिशत पूछा तो वही जवाब मिला कि अभी तक 60 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। बूथों पर लाइन भी लगी है।
देहात में बहिष्कार के बीच 62.30 प्रतिशत वोटिंग
कानपुर देहात। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में डेरापुर और रसूलाबाद ब्लाक में 62.30 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें डेरापुर में 60.72 और रसूलाबाद ब्लाक में 63.85 प्रतिशत वोट पड़े। दूसरे चरण में जिला पंचायत के 137 और बीडीसी के 876 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हुआ। इस चरण में 2,64,503 मतदाताओं को वोट डालना था।
इसमें डेरापुर में 91,162 और रसूलाबाद ब्लाक में 1,73,343 मतदाता हैं। जानकारी के अनुसार लगभग 1, 58,323 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं, रसूलाबाद प्रथम सीट के अजनपुर इंदौती गांव में सड़क न बनने को लेकर गहलों मतदान केंद्र पर वोट नहीं डाले।
यहां वोटिंग को लेकर पुलिस व प्रशासन ने देर रात तक काफी प्रयास किए। लेकिन, लोग नहीं माने। इसके अलावा रसूलाबाद द्वितीय के मतदान केंद्र विजयीपुर में एसओ की एजेंटों से बदसलूकी पर करीब दो घंटे मतदान रुका रहा। लेकिन, बाद में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर फिर से मतदान शुरू करवाया।
डेरापुर ब्लाक में जिला पंचायत की तीन नोनारी बुजुर्ग, सिठमरा, मुंगीसापुर और क्षेत्र पंचायत 61 सीटें हैं और रसूलाबाद ब्लाक में जिला पंचायत की पांच सीटें असलातगंज, रसूलाबाद प्रथम, रसूलाबाद द्वितीय, बिरहुन, सुनासी हैं जबकि क्षेत्र पंचायत की 117 सीटें हैं।
जिला पंचायत के डेरापुर से 63 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे, जिसमें एक दावेदार ने नाम वापस ले लिया। अब डेरापुर की तीन सीटों से कुल 62 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं, रसूलाबाद की पांच सीटों पर 78 प्रत्याशियों पर्चे भरे थे, जिसमें तीन प्रत्याशी अपना पर्चा वापस ले लिया था। अब कुल 75 प्रत्याशी मैदान में हैं।