माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने शुक्रवार को यहां समीक्षा बैठक में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों, नियंत्रण में ढिलाई पर नाराजगी जताई। कोरोना का हर हाल में प्रसार रोकते हुए नियंत्रित करने के निर्देश दिए। सर्किट हाउस मैं करीब 2 घंटे चली बैठक में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव मृत्युंजय नारायण ने संक्रमण कोविड-19 संक्रमण के उपचार और इससे बचाव के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। कहा कि लाक डाउन को अनलॉक किए जाने की स्थिति एवं प्रवासी श्रमिकों के आने से और ज्यादा सतर्कता रखने की जरूरत है। कोविड-19 से ज्यादा संक्रमित क्षेत्रों में अनाउंसमेंट कर लोगों को कोरोना के संबंध में जागरूक करने और इससे बचाव के उपायों के बारे में बताने के निर्देश दिए। मरीजों के लिए की गई चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सैंपल की जांच समय से कराने के निर्देश दिए। बैठक में डॉ जयकरन सिंह ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और मरीजों के शीघ्र परीक्षण, खाद्य पदार्थों में साफ-सफाई, शुद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त डॉक्टर सुधीर एम बोबड़े ने शिवनगर में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सब्जी, फल बेचने वालों, नगर निगम के सफाई कर्मियों और कंटेनमेंट जोन में काम कर रहे डॉक्टरों आदि को मास्क, गिलब्ज आवश्यक रूप से उपलब्ध कराने और उनकी जांच कराने के निर्देश दिए। डीएम डॉ ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि कोरोनावायरस मरीजों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सैंपल लेकर नियमित रूप से जांच कराई जा रही है। फ्लू ओपीडी में आने वालो के भी नमूने लेकर जांच कराई जा रही है। बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉक्टर आरपी यादव, डीआईजी अनंत देव, एडीएम सिटी, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य, सीएमओ एसीएमओ आदि मौजूद रहे।