तिर्वा (कन्नौज)। श्रीलंका में हुए आत्मघाती हमले पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दु:ख जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी होनी चाहिए जो कि देश की सीमाओं की रक्षा कर सके। जब देश में विकास की इतनी घोषणा हो रही है तो लोगों की सुरक्षा के प्रति भी सरकार को गंभीर होना चाहिए। आंतकवाद दुनिया से खत्म होना चाहिए। सरकार को देश के जवानों को सुविधाएं मुहैया करानी चाहिए। भाजपा सरकार में सीमाएं भी असुरक्षित हैं और देश के जवान भी।
वह रविवार को कस्बे के एक गेस्टहाउस में आयोजित गोष्ठी में भाग लेने पहुंचे थे। उन्होंने मुन्ना होटल पर एक प्रेसवार्ता भी की। बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। कभी भी कोई भी आतंकी घुसपैठ कर रहा है। सीमाओं से लगे देश श्रीलंका, न्यूजीलैंड समेत अन्य जगहों पर आतंकवाद बढ़ रहा है। भाजपा सरकार भारत में भी लोगों को सुरक्षा मुहैया नहीं करा पा रही है। देश की सभी सीमाएं असुरक्षित हैं। इसके साथ ही सीमाओं पर तैनात जवान भी खुद को सुरक्षित नहीं मान पा रहे हैं। गठबंधन पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भी गठबंधन पर चल रही है। देश में पिछले दस सालो से गठबंधन की ही सरकार चल रही है। चुनाव के बाद ही पता चल पाएगा कि अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। राहुल गांधी के नामांकन खारिज की मांग के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा हर साजिश व षड़यंत्र में माहिर है।