बांदा। डाक्टर गिरिजा शंकर मेमोरियल अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को दूसरे दिन आठ टीमों के बीच चार मैच हुए। इनमें एक टीम महिलाओं की थी। मेजबान बांदा ने दूसरे दिन भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।
रायफल क्लब ग्राउंड पर चल रहे हॉकी मैच में सुबह पहले मैच का उद्घाटन विधायक राजकरन कबीर ने इटारसी और सागर जनपदों की टीमों से परिचय लेकर किया। विधायक ने टीमों को 10 हजार रुपये इनाम भी दिए। पहले मैच में इटारसी ने सागर टीम को 3-0 से हराया। इस मैच सोनू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरा मैच मेजबान बांदा और मौदहा (हमीरपुर) की टीमों के बीच खेला गया। जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर उद्घाटन किया। बांदा ने मौदहा टीम को 2-1 से पराजित किया। संदीप को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।
तीसरे मैच में महिला टीमों की भिड़ंत हुई। बनारस और मेरठ की महिला टीमों के बीच हुए मैच में मेरठ टीम ने 2-0 से मैच जीत लिया। इस मैच का उद्घाटन राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता ने किया। नीशू को मैन ऑफ द मैच और 1100 रुपये विशेष पुरस्कार दिया गया। चौथा और अंतिम मैच प्रतापगढ़ और गोरखपुर टीमों के बीच खेला गया।
गोरखपुर ने 4-1 के अंतर से प्रतापगढ़ को हराया। गोरखपुर के सतीत सिंह और फैज आलम ने दो-दो गोल किए। मैच के निर्णायकों में नितिन सक्सेना (आगरा) और शादाब खां (भोपाल) शामिल थे। आयोजन समिति अध्यक्ष वासिफ जमां खां और सचिव जितेंद्र शर्मा ने आगंतुकों की अगुवानी की।